18 किमी तक बुजुर्ग महिला को डंडी कंडी के सहारे पहुंचाया अस्पताल, बीमार को सड़क तक पहुंचाने में ग्रामीणों के छूटे पसीने

-आंगन में गिरने से बुजुर्ग महिला हुई थी घायल

पिथौरागढ़। पहाड़ में सड़क सुविधा के अभाव में आज भी ग्रामीणों को किस तरह की मुश्किलों से गुजरना पड़ रहा है, इसकी एक तस्वीर पिथौरागढ़ जिले से सामने आई है। जहां बुजुर्ग महिला का पैर टूटने के बाद ग्रामीणों को उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए करीब 18 किलोमीटर तक डोली में ढोना पड़ा। तब जाकर सड़क नसीब हुई, फिर वहां से वाहन के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।जानकारी के मुताबिक, पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी क्षेत्र के कनार गांव में 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने घर के आंगन में अचानक गिर गईं थीं। हादसे में पैर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। बुजुर्ग महिला दर्द से कराहती रहीं, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उन्हें अस्पताल तक पहुंचाने की थी। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस पहुंचना संभव नहीं था।
ऐसे में ग्रामीणों ने हिम्मत जुटाई और बुजुर्ग महिला को डोली में बैठाकर अस्पताल पहुंचाने का फैसला लिया। ग्रामीणों ने बारी-बारी से अपने कंधों पर डोली उठाई और करीब 18 किलोमीटर लंबे दुर्गम एवं कठिन रास्ते को पार कर उन्हें मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने महिला का उपचार किया। वहीं, एक्स-रे जांच में महिला के दाएं पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।
यह घटना केवल एक बुजुर्ग महिला की परेशानी नहीं है। बल्कि, उन तमाम ग्रामीणों की बेबसी को बयां करती है, जिन्हें सड़क के अभाव में हर दिन ऐसी चुनौतियों से दो चार होना पड़ता है। पहाड़ी और दुर्गम रास्तों पर बीमार, गर्भवती महिलाओं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को डोली, डंडी कंडी या कंधों का सहारा लेना पड़ता है।
ग्रामीण रमेश बिष्ट, जग्गू बिष्ट, केदार बिष्ट, गोविंद सिंह का कहना है कि यदि गांव तक सड़क पहुंच गई होती, तो बुजुर्ग महिला को इस तरह 18 किलोमीटर तक दर्द सहते हुए नहीं चलना पड़ता। समय पर एंबुलेंस की सुविधा मिल सकती थी और परिजनों को भी इतनी कठिन मशक्कत नहीं करनी पड़ती। अगर मरीज की हालत गंभीर होती या आपात स्थिति होती, तो स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता।
सरकारें गांव-गांव तक सड़क पहुंचाने और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के दावे करती रही हैं, लेकिन कनार गांव की यह तस्वीर उन दावों की जमीनी हकीकत की पोल खोल रही है। जब 82 साल की बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए 18 किलोमीटर तक डोली में ढोना पड़े, तो ग्रामीण विकास की प्राथमिकताओं और बुनियादी सुविधाओं पर सवाल उठना लाजिमी है।
सबसे बड़ा सवाल ये है कि आखिर पहाड़ के दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा? क्या ग्रामीणों को बेहतर सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं है? यह घटना बयां कर रही है कि पहाड़ों में सड़क की मांग महज सुविधा की मांग नहीं, बल्कि इमरजेंसी यानी आपात स्थिति में जिंदगी बचाने की भी लड़ाई है। गौर हो कि पिथौरागढ़ का कनार गांव अभी भी सड़क सुविधा से दूर है। इससे पहले कनार के ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में 13 दिनों तक आंदोलन किया था। तब 23 नवंबर को प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण का भरोसा तक दिलाया था, लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि फॉरेस्ट क्लीरियेंस की वजह से मामला अटका हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *