ऑडिट मेले में दिखी खेल और संस्कृति की रंगत, शोध-आलेख प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित

-वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही का संदेश देकर संपन्न हुआ ऑडिट सप्ताह
-ऑडिट भवन में जुटे अधिकारी-कर्मचारी, प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

देहरादून। कौलागढ़ स्थित ऑडिट भवन में रविवार को आयोजित ऑडिट मेले के साथ ऑडिट सप्ताह-2026 का समापन हो गया। महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), महालेखाकार (लेखापरीक्षा), उत्तराखंड तथा निदेशक लेखापरीक्षा (वायु सेना), देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
मेले का उद्घाटन महालेखाकार (लेखापरीक्षा) संजीव कुमार ने किया। इस दौरान स्पून बॉल, म्यूजिकल चेयर की पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) मोहम्मद परवेज आलम ने ऑडिट सप्ताह के दौरान आयोजित आउटरीच कार्यक्रमों, संवाद सत्रों और कार्यशालाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लेखापरीक्षा, वित्तीय जवाबदेही और पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े कार्यालयों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में सीएजी-आईसीएसएसआर शोध-आलेख प्रतियोगिता-2026 के राज्य स्तरीय विजेताओं पायल, शिवांगी, आद्या त्रिपाठी और सचिन सिंह चैहान को भी सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *