देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल का समापन, सिनेमा और साहित्य की दिग्गज हस्तियों ने सजाया मंच

-तीन दिवसीय महोत्सव में शबाना आज़मी, विशाल भारद्वाज, रेखा भारद्वाज और शालिनी पासी ने बिखेरे रंग, ‘पार्च्ड’ के दस वर्ष पूरे होने पर हुआ विशेष संवाद

‘दुआ’ पहल के तहत संगीत संध्या से सामाजिक सरोकारों को जोड़ने की अनूठी पहल

देहरादून। देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ) 2026 का रविवार को दून इंटरनेशनल स्कूल में भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन सिनेमा, साहित्य, कला, संस्कृति और समकालीन सामाजिक विषयों पर कई महत्वपूर्ण संवाद आयोजित किए गए। समापन समारोह का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध फिल्मकार एवं संगीतकार विशाल भारद्वाज और गायिका रेखा भारद्वाज की संगीतमय प्रस्तुति रही।

महोत्सव के अंतिम दिन अभिनेत्री शबाना आज़मी, शालिनी पासी, संध्या मृदुल, तनिष्ठा चटर्जी, सयानी गुप्ता, फिल्मकार लीना यादव और अभिनेता शारिब हाशमी सहित कई जानी-मानी हस्तियों ने अपनी मौजूदगी से आयोजन को खास बनाया। ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ विषय पर आधारित इस महोत्सव में कला और संस्कृति के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

दिन की शुरुआत ‘द आर्ट ऑफ लिविंग वेल’ सत्र से हुई। इसमें मानिक कौर ने शेफ एवं लेखक सुवीर सरन के साथ शिष्टाचार, संवेदनशीलता, व्यक्तित्व विकास और दैनिक जीवन में संवाद की महत्ता पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि व्यक्ति को अपनी मौलिक पहचान बनाए रखते हुए व्यवहार और संवाद में संवेदनशीलता तथा सहजता अपनानी चाहिए।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण फिल्म ‘पार्च्ड’ के दस वर्ष पूरे होने पर आयोजित विशेष सत्र रहा। निर्देशक लीना यादव, अभिनेत्री तनिष्ठा चटर्जी, सयानी गुप्ता, अभिनेता शारिब हाशमी और सिनेमैटोग्राफर असीम बजाज ने फिल्म के निर्माण, उसकी विषयवस्तु और सामाजिक प्रासंगिकता पर अनुभव साझा किए।

लीना यादव ने बताया कि ग्रामीण भारत में महिलाओं की इच्छाओं, यौनिकता और सामाजिक धारणाओं को लेकर प्रचलित सोच को चुनौती देने के उद्देश्य से इस फिल्म की परिकल्पना की गई थी। गांव की यात्रा के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि ग्रामीण महिलाएं कई संवेदनशील विषयों पर शहरी महिलाओं की अपेक्षा अधिक बेबाकी से बातचीत करती हैं। इसी अनुभव ने ‘पार्च्ड’ की कहानी को आकार दिया।

तनिष्ठा चटर्जी ने फिल्म में रानी का किरदार निभाने के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वास्तविक जीवन की उस महिला से मुलाकात ने उन्हें किरदार को बेहतर ढंग से समझने और पर्दे पर जीवंत करने में मदद की, जिसके जीवन से यह भूमिका प्रेरित थी। वहीं सयानी गुप्ता ने चंपा के किरदार को अपने अभिनय जीवन के महत्वपूर्ण अनुभवों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में समाज में यौन शोषण और घरेलू हिंसा जैसे गंभीर मुद्दों पर जरूरी संवाद को आगे बढ़ाती हैं।

साहित्यिक सत्र ‘सिफर : अ लाइफ, अ वॉयस, अ लेगेसी’ में अभिनेत्री संध्या मृदुल ने अपने परिवार, पहचान और भाई पंकज के कविता संग्रह ‘मैं सिफर’ से जुड़े भावनात्मक अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उनके भाई के निधन के बाद उनके व्यक्तित्व का एक नया पक्ष कवि के रूप में सामने आया। उनकी पुस्तक का शीर्षक उनके व्यक्तित्व और विचारों की गहराई को अभिव्यक्त करता है।

फैशन, कला और व्यक्तिगत पहचान पर आयोजित सत्र में शालिनी पासी ने अपनी रचनात्मक यात्रा और आत्म-अभिव्यक्ति के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि कला और स्वयं को खोजने का सफर बेहद व्यक्तिगत होता है। व्यक्ति के लिए अपनी मौलिकता बनाए रखना और स्वयं का सर्वश्रेष्ठ रूप बनना ही वास्तविक उपलब्धि है।

महोत्सव में अभिनेत्री शबाना आज़मी के साथ पत्रकार अभिसार शर्मा का विशेष संवाद भी आकर्षण का केंद्र रहा। ‘आई डिड इट माय वे’ सत्र में उन्होंने भारतीय सिनेमा और रंगमंच में अपने लंबे सफर, सामाजिक बदलाव में कला की भूमिका तथा अपने पिता और प्रख्यात कवि कैफी आज़मी के प्रभाव पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता कला को सामाजिक परिवर्तन का माध्यम मानते थे। कैफी आज़मी की विचारधारा और उनके व्यवहार में समानता थी, जिसने उनके जीवन और दृष्टिकोण को गहराई से प्रभावित किया।

बदलते सामाजिक परिवेश और युवा पीढ़ी की भूमिका पर चर्चा करते हुए शबाना आज़मी ने कहा कि युवाओं के विरोध और असहमति के स्वर समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि सामाजिक और राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देने की अपेक्षा अक्सर केवल फिल्म जगत की हस्तियों से ही क्यों की जाती है।

मुख्य कार्यक्रमों के साथ डीडीएलएफ चौपाल में भी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन हुआ। कविता और गीत लेखन कार्यशालाओं, ओपन माइक, ओपन जैम तथा सामूहिक गायन के माध्यम से युवाओं और उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

तीन दिवसीय महोत्सव का समापन ‘दुआ – देहरादून यूनाइट्स आर्टिस्ट्स’ के तहत आयोजित विशेष संगीत संध्या से हुआ। इसमें विशाल भारद्वाज और रेखा भारद्वाज ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस वर्ष शुरू की गई दुआ पहल का उद्देश्य संगीत और अन्य रचनात्मक माध्यमों के जरिये सामाजिक सरोकारों के लिए सहयोग जुटाना तथा कलाकारों को एक साझा मंच प्रदान करना है।

डीडीएलएफ के संस्थापक समरांत विरमानी ने महोत्सव की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ की थीम को दर्शकों और प्रतिभागियों का शानदार प्रतिसाद मिला। दुआ पहल के माध्यम से कला और सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने वाले कलाकारों, वक्ताओं, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *