सनसनी नहीं, तथ्य और विश्वसनीयता पत्रकारिता की असली पहचान

-डिजिटल दौर में पत्रकारिता की चुनौतियां बढ़ीं, जिम्मेदारी भी बढ़ानी होगी

-जनता का विश्वास कायम रखना है तो पत्रकारिता में निष्पक्षता और जवाबदेही जरूरी

-राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जिला सूचना कार्यालय में ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित

देहरादून। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी की अध्यक्षता में जिला सूचना कार्यालय परिसर में भारतीय प्रेस परिषद द्वारा निर्धारित विषय ‘पत्रकारिताः सनसनी या जिम्मेदारी’ पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में पत्रकारों ने वर्तमान दौर में पत्रकारिता की बदलती भूमिका, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी, समाचारों की तथ्यात्मकता, निष्पक्षता तथा डिजिटल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य सनसनी फैलाना नहीं, बल्कि तथ्यों के आधार पर समाज को सही और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी ने सभी पत्रकारों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में सूचनाओं का प्रसार बेहद तेज हुआ है और डिजिटल एवं सोशल मीडिया ने पत्रकारिता के स्वरूप को व्यापक रूप से बदल दिया है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी भी पहले से अधिक बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि समाचार को आकर्षक बनाने के प्रयास में उसकी तथ्यात्मकता और विश्वसनीयता से समझौता नहीं होना चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालना और आमजन तक सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना होना चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार वी.डी. शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और विश्वसनीयता सबसे महत्वपूर्ण हैं। तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारिता को परजीवी प्रवृत्ति से बचाकर स्वतंत्र एवं मौलिक चिंतन को बढ़ावा देना आवश्यक है। किसी भी समाचार के प्रकाशन और प्रसारण से पहले उसका तथ्यात्मक विश्लेषण और सत्यापन किया जाना चाहिए, ताकि समाज तक भ्रामक नहीं, बल्कि विश्वसनीय सूचनाएं पहुंचें।

वरिष्ठ पत्रकार गिरिधर गोपाल लुथरा ने कहा कि संवेदनशील विषयों और घटनाओं की रिपोर्टिंग में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचनाएं समाज में नकारात्मक संदेश दे सकती हैं। इसलिए किसी भी संवेदनशील समाचार को प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि करना पत्रकारों का दायित्व है।

वरिष्ठ पत्रकार घनश्याम चन्द जोशी ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उत्तराखंड आपदा की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में आपदा और अन्य विषम परिस्थितियों के दौरान प्रसारित होने वाली खबरों का व्यापक प्रभाव पड़ता है। पत्रकारों को ऐसी घटनाओं की रिपोर्टिंग करते समय विशेष जिम्मेदारी निभानी चाहिए और आमजन तक सटीक एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचानी चाहिए।

वरिष्ठ पत्रकार पिताम्बर कुमार ने कहा कि मीडिया को समाज, सरकार और विभिन्न समुदायों के बीच संतुलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। पत्रकारिता केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि जनहित के प्रति समर्पित एक जिम्मेदारी है। मीडिया का काम सरकार और समाज की कमियों को उजागर करने के साथ ही सुधार के लिए सकारात्मक पहल और जनजागरूकता को बढ़ावा देना भी है।

गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण और राहुल शर्मा सहित अन्य पत्रकारों ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि सूचनाओं की अधिकता और उनके तेजी से प्रसार के इस दौर में मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। इसके लिए समाचारों का सत्यापन, भाषा की मर्यादा, सामाजिक संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है।

गोष्ठी के समापन पर वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रसार का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जनसमस्याओं को उचित मंच प्रदान करने और शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने का सशक्त माध्यम भी है। सनसनी के बजाय तथ्यपरकता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी को प्राथमिकता देकर ही मीडिया के प्रति आमजन का विश्वास कायम रखा जा सकता है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार इन्द्रेश कोहली, उमाशंकर कुकरेती, प्रेम पंचैली, संदीप शर्मा, हिना, सूर्य प्रकाश, जगमोहन मौर्य, अमित नेगी, लक्ष्मी बिष्ट, अवनीश कुमार, रमन जायसवाल, कुलदीप सिंह, शिवनारायण, राहुल शर्मा, भुवनेश थपलियाल, सोहनवीर सिंह धीरवान, मुकेश कुमार, मानव डोभाल, आकाश सिंह और जसपाल राणा सहित अतिरिक्त जिला सूचना अधिकारी रवेन्द्र नेगी, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश तथा जिला सूचना कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *