देहरादून: होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने भारतीय बाजार के लिए 10 मोटरसाइकिलों और स्कूटर्स का विस्तारित पोर्टफोलियो पेश किया है। इसमें सात बिल्कुल नए मॉडल और तीन नए रंग विकल्पों के साथ अपडेट किए गए मॉडल शामिल हैं। इस नई रेंज में क्रूजर, एडवेंचर टूरर, रोडस्टर, लाइफस्टाइल राइडिंग, इलेक्ट्रिक और फ्लेक्स-फ्यूल मोबिलिटी से जुड़े उत्पाद शामिल हैं, जो विभिन्न वर्गों के ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करेंगे।
इन मॉडलों का भारत में स्थानीय स्तर पर निर्माण (लोकलाइजेशन) एचएमएसआई की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे भारत में कंपनी की उत्पाद विकास, इंजीनियरिंग और विनिर्माण क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी। साथ ही, ग्राहकों को होंडा की वैश्विक तकनीकों तक बेहतर पहुंच उपलब्ध होगी और स्थानीय सोर्सिंग तथा विनिर्माण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कंपनी का कहना है कि भारतीय दोपहिया बाजार अब केवल दैनिक उपयोग तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि ग्राहकों की पसंद और जरूरतें तेजी से बदल रही हैं। ईंधन दक्षता, किफायती कीमत और कम परिचालन लागत आज भी ग्राहकों की प्राथमिकता हैं, लेकिन अब वे अपनी जीवनशैली और राइडिंग पसंद के अनुरूप आधुनिक और अलग पहचान वाले उत्पाद भी चाहते हैं। इसी बदलती मांग को ध्यान में रखते हुए एचएमएसआई ने 10 उत्पादों का यह नया पोर्टफोलियो पेश किया है, ताकि ग्राहकों को अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार मोटरसाइकिल और स्कूटर के अधिक विकल्प मिल सकें।
इस अवसर पर होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रेसिडेंट एवं सीईओ) त्सुत्सुमु ओटानी ने कहा, “भारत होंडा के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक बाजारों में से एक है। 10 उत्पादों का यह नया पोर्टफोलियो ग्राहकों को विभिन्न प्रकार के मोबिलिटी समाधान उपलब्ध कराता है। यह एडवांस इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) वाहनों, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक के जरिए ग्राहकों की अलग-अलग जरूरतों और बुनियादी ढांचे की उपलब्धता के अनुरूप विकल्प प्रदान करने की हमारी बहुआयामी रणनीति को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही कंपनी ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए भारत में स्थानीय इंजीनियरिंग और विनिर्माण क्षमताओं को लगातार सशक्त बना रही है। इससे भारतीय ग्राहकों तक होंडा की वैश्विक तकनीकों की बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। साथ ही, होंडा के वैश्विक परिचालन में भारत की भूमिका एक महत्वपूर्ण विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में और मजबूत होगी, जबकि गुणवत्ता, विश्वसनीयता और सुरक्षा के वे उच्च मानक भी बरकरार रहेंगे, जिनके लिए होंडा जानी जाती है।
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के निदेशक (सेल्स एवं मार्केटिंग) मुत्सुओ उसुई ने कहा, “आज भारतीय ग्राहक ऐसे उत्पाद चाहते हैं, जो उनकी आवाजाही की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उनकी जीवनशैली के अनुरूप भी हों। इस विस्तारित पोर्टफोलियो के माध्यम से हम होंडा के वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय मॉडलों की व्यापक श्रृंखला भारतीय बाजार में ला रहे हैं। इससे ग्राहकों को विभिन्न राइडिंग श्रेणियों में अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार अधिक विकल्प मिलेंगे। चाहे रोजाना की आवाजाही हो, वीकेंड ट्रिप, एडवेंचर टूरिंग या मनोरंजन के लिए राइडिंग, यह नई उत्पाद श्रृंखला ग्राहकों को अपनी आकांक्षाओं के अनुरूप होंडा वाहन चुनने का अवसर देगी।”
राइडिंग को और अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से इस पोर्टफोलियो के चुनिंदा मॉडलों में होंडा ई-क्लच (Honda E-Clutch) तकनीक भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह तकनीक क्लच के संचालन को स्वचालित रूप से नियंत्रित करती है, जिससे भारी ट्रैफिक और बार-बार रुकने-चलने वाली परिस्थितियों में राइडिंग अधिक आसान और आरामदायक हो जाती है। कंपनी इन नए उत्पादों को चरणबद्ध तरीके से बाजार में उतारेगी। प्रत्येक मॉडल की लॉन्च तिथि, कीमत और उपलब्धता से जुड़ी विस्तृत जानकारी उसके लॉन्च के समय अलग से घोषित की जाएगी।
![]()