नुक्कड़ नाटक से गूंजा स्वच्छता का संदेश, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कटारपुर में मनाया गया MHM Day

-किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति किया जागरूक, स्वास्थ्य एवं हाइजीन पर दी महत्वपूर्ण जानकारी

हरिद्वार। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कटारपुर में मासिक धर्म प्रबंधन दिवस (Menstrual Hygiene Management – MHM Day) बड़े उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन M3M Foundation एवं DOCC के सहयोग से स्वैच्छिक संस्था श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम द्वारा संचालित MHM परियोजना के अंतर्गत किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण टीम लक्सर द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रहा, जिसने उपस्थित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां सरल एवं रोचक तरीके से साझा की गईं। कलाकारों ने बताया कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखना क्यों आवश्यक है, किन सावधानियों का पालन करना चाहिए तथा समाज में फैली भ्रांतियों एवं मिथकों से कैसे बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसके प्रति खुलकर संवाद एवं सही जानकारी देना समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की ओर से डॉ. एच.बी. पंत (Project Manager) एवं रणजीत केंटुरा (Project Manager) मौजूद रहे। वहीं M3M Foundation की ओर से भुवन जोशी एवं पूजा नागपाल ने भी सहभागिता कर कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं समुदाय में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सकारात्मक व्यवहार विकसित करना रहा। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं जागरूकता बढ़ाने वाला बताया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *