चमोली। चमोली जिले के विकासखंड पोखरी में ग्राम पंचायत नैल के सिदेली गांव की देवरानी लक्ष्मी देवी (42) पत्नी गजेंद्र नेगी और जेठानी विमला देवी (55) पत्नी चंद्रशेखर सुबह करीब आठ बजे घास लेने घर के पास जंगल गई थीं। घर से करीब 200 मीटर आगे पहुंचते ही भालू ने दोनों पर हमला कर दिया। इसी दौरान दोनों खड़ी चट्टान से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। चीख पुकार सुनकर परिजन व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों को तुरंत सीएचसी पोखरी पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने विमला देवी को मृत घोषित कर दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया लेकिन श्रीनगर के पास पहुंचते ही लक्ष्मी देवी ने भी दम तोड़ दिया।
भालू के हमले की सूचना पर डीएफओ रजत सुमन, एसडीओ सोहन सिंह नेगी, वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं सहित वन विभाग की टीम गांव पहुंची। उन्होंने घटना के बारे में लोगों से जानकारी ली। घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण भी किया। घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने अफसरों से उचित मुआवजा और भालू से निजात दिलाने की मांग की है।
रेंजर कपिल गुसाईं ने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा और क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाई जाएगी।
भालू के हमले की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग सीएचसी पोखरी पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से भालू की सक्रियता बनी हुई है, जिससे जंगल जाने वाली महिलाओं और ग्रामीणों की जान पर खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने, प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल गश्त बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
![]()