स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत ऋषिकेश, पिथौरागढ़ एवं टनकपुर में स्वच्छ पाठशाला का आयोजन

देहरादून: गुरुवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला द्वारा पूर्णानन्द पब्लिक स्कूल के 28 छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट में कराया गया। विद्यार्थियों को स्रोत पर कचरा पृथक्करण, संग्रहण, छंटाई, पुनर्चक्रण, प्रसंस्करण एवं वैज्ञानिक निस्तारण की व्यावहारिक जानकारी दी गई। मुख्य सफाई निरीक्षक  नितिन सती एवं सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान ने छात्र छात्राओं को चार-धारा कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक प्रबंधन एवं कचरे से संसाधन निर्माण के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण द्वारा स्वच्छता शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता दूत बनाकर “कचरा अलग करो, शहर स्वच्छ करो” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।नगर पालिका परिषद टनकपुर द्वारा भी स्वच्छता ही सेवा अभियान–2026 के अंतर्गत नगर क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान दीन दयाल उपाध्याय पार्क में वृक्षारोपण कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही बाजार क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान चलाते हुए नगर पालिका द्वारा कपड़े के थैलों का वितरण किया गया।

स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत आज जी.जी.जी.आई.सी. पिथौरागढ़ में ‘वेस्ट टू आर्ट’ गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को अनुपयोगी एवं अपशिष्ट सामग्री के रचनात्मक उपयोग के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने प्लास्टिक की बोतलों, कागज, कपड़े तथा अन्य अनुपयोगी एवं अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक उपयोग करते हुए विभिन्न प्रकार की सुंदर एवं उपयोगी सजावटी वस्तुएँ तैयार कीं। छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा एवं रचनात्मक सोच के माध्यम से यह संदेश दिया कि उचित तरीके से उपयोग किए जाने पर अपशिष्ट सामग्री को आकर्षक और उपयोगी वस्तुओं में परिवर्तित किया जा सकता है।

16 सितंबर 2026 को स्वच्छता ही सेवा 2026 और विशेष अभियान 6.0 की तैयारी के तौर पर शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा नई दिल्ली में ठोस अपशिष्‍ट और ई-कबाड़ (ई-वेस्ट) के प्रबंधन पर एक राष्ट्रीय वेबिनार आयोजित किया गया है। स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026” पर एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता की भी घोषणा की। यह प्रश्नोत्तरी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ पोर्टल:https://ecoclubs.education.gov.in/swachhata-hi-seva?start=quiz पर आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *