-18 परिवारों के गांव बगड़तोली ने पेश की जनभागीदारी की मिसाल
-जनगणना-2027ः बगड़तोली में शत-प्रतिशत स्वगणना पूरी
-महज 77 की आबादी वाले गांव ने हासिल किया शत-प्रतिशत स्वगणना का लक्ष्य
पिथौरागढ़। जनगणना-2027 के तहत पिथौरागढ़ जनपद के बगड़तोली गांव ने शत-प्रतिशत स्वगणना पूरी कर जनभागीदारी और नागरिक जागरूकता की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। लगभग 18 परिवारों और 77 की आबादी वाले इस गांव के सभी परिवारों ने स्वगणना की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए गांव में विशेष प्रयास किए गए। गांव की प्रगणक कलावती धरियाल ने ग्रामीणों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें स्वगणना के लिए प्रेरित किया। वहीं, पर्यवेक्षक मोहन चंद्र जोशी के मार्गदर्शन और सहयोग से प्रत्येक परिवार तक यह प्रक्रिया पहुंचाई गई।
अभियान में ग्राम प्रधान राहुल कुमार सहित गांव के गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग किया। सभी ने इसे सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इसके परिणामस्वरूप गांव के सभी परिवारों की स्वगणना पूरी हो सकी।
बगड़तोली की यह उपलब्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामूहिक संकल्प, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय दायित्व के प्रति जागरूकता का प्रमाण है। गांव की यह पहल जनपद और प्रदेश के अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकती है।