उफरैंखाल को 8.73 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

-महिला छात्रावास और इंटर कॉलेज भवन का लोकार्पण, खेल मैदान का निर्माण होगा
-शिक्षा, खेल और ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति, महिला छात्रावास से छात्राओं को मिलेगी सुविधा
-मंत्री धन सिंह रावत ने किया विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

पौड़ी/देहरादून। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ उफरैंखाल को शनिवार को शिक्षा और खेल सुविधाओं से जुड़ी करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक धन सिंह रावत ने राजकीय महाविद्यालय उफरैंखाल में 392.56 लाख रुपये की लागत से निर्मित महिला छात्रावास तथा राजकीय इंटर कॉलेज में 303.35 लाख रुपये की लागत से तैयार नए विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही महाविद्यालय में 177.42 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान और सुरक्षा दीवार का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर धन सिंह रावत ने कहा कि उफरैंखाल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह दिन विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। महिला छात्रावास के निर्माण से दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित वातावरण में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। वहीं, नए विद्यालय भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। खेल मैदान और सुरक्षा दीवार बनने से महाविद्यालय में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास पर्वतीय और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता तथा आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है। विकास का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान राजकीय महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद और मां सरस्वती की मूर्तियों का अनावरण भी किया गया। मंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्श और मां सरस्वती का आशीर्वाद युवाओं को ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री 24वें भूमिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में भी शामिल हुए। ग्राम विकास समिति भैड़गांव मल्ला (दिल्ली) और महिला मंगल दल भैड़गांव मल्ला की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने आयोजन समिति और खिलाड़ियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन स्थानीय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर ग्राम सभा डुलमोट, भतपौं, कफलगांव और भैड़गांव की महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक सामग्री वितरित की गई। मंत्री ने महिलाओं से संवाद कर उनके सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण में महिला मंगल दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके माध्यम से स्थानीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष थलीसैंण, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *